देहरादून। राजधानी में रविवार सुबह “एक साइकिल यात्रा नशा मुक्ति के नाम” का आयोजन किया गया। युवाओं द्वारा आयोजित इस विशेष पहल का शुभारंभ सुबह 6 बजे बिंदाल पुल से हुआ, जिसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्रीतम सिंह ने इस अवसर पर कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज और विशेषकर युवाओं के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन बेहद खूबसूरत है और इसे सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जीना चाहिए। साथ ही उन्होंने साइकिल चलाने को पर्यावरण, स्वास्थ्य और यातायात की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी बताया।
करीब 18 किलोमीटर की इस यात्रा का समापन सुबह 9 बजे नाथ वेडिंग प्वाइंट, चकराता रोड पर हुआ, जहां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने आयोजकों रितेश छेत्री और विकास यादव की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। रावत ने साइकिल चलाने को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अमूल्य बताया।
इस अवसर पर कई विशिष्ट हस्तियों ने भी भाग लिया। इनमें शामिल थे—रिटायर्ड कर्नल अनिल गुरुग (लद्दाख तक साइकिल चलाकर विश्व रिकॉर्डधारी), वेद प्रकाश दुग्गल (101 वर्षीय साइकिल सवार), विश् धीमान (इंटरनेशनल बुक रिकॉर्डधारी) और हिमानी (इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्डधारी)।
कार्यक्रम का मार्ग बिंदाल पुल से शुरू होकर किशन नगर चौक, कौलागढ़ चौक, गढ़ी कैंट चौक, बल्लूपुर चौक, वसंत विहार, पंडितवाड़ी और प्रेम नगर से होकर नाथ वेडिंग प्वाइंट तक तय किया गया।
यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, कोमल वोहरा, संजय शर्मा, मदन लाल, दीप वोहरा, जगदीश धीमान, प्रदीप जोशी, संजय कन्नौजिया, पिया थापा और प्रमोद गुप्ता भी मौजूद रहे।
आयोजन को सफल बनाने में पीयूष जोशी, नितिन चंचल, वंश सूद, अजय रावत, गगन चाचर, प्रदीप ओझा, अभिषेक बिष्ट, मुकेश राजपूत, लक्ष्य धिंगरा, वंश चौधरी, सावन, ऋषभ जैन और नवनीत ओलिवर का विशेष योगदान रहा।
यह यात्रा सिर्फ नशामुक्ति का संदेश ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण, फिटनेस और यातायात सुधार का प्रतीक भी बनी।