लखनऊ बस हादसा: कैसे एक राहगीर को बचाने में पलटी यात्रियों से भरी बस?

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। हरदोई से यात्रियों को लेकर आ रही रोडवेज की बस (यूपी 78 एलएन 1340) अचानक बेकाबू होकर खाई में पलट गई। हादसा टिकैतगंज के पास बेता नाला पुल पर हुआ। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सीएचसी काकोरी और मलिहाबाद भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल आठ यात्रियों को लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। एक घायल का इलाज बलरामपुर अस्पताल में चल रहा है।

मृतकों की पहचान बाबूराम (पीलीभीत), नरदेव (मथुरा), संजीव (बदायूं), दिलशाद (लखनऊ, काकोरी) के रूप में हुई है। एक मृतक की शिनाख्त अभी बाकी है। घायलों में इरशाद, अनुराग, अरविन्द अवस्थी, संजय, राजेश मौर्या, बसन्त देवी, संजीव प्रकाश, अरुण कुमार, भरत कुमार, दिनेश, शुभाजीत मुखर्जी, सुहैल अहमद, दुर्गेश, राकेश, अविरल वर्मा, अनूप, अनुजराज, चालक अनिल कुमार और परिचालक मोहम्मद रेहान शामिल हैं।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब, पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर और जिलाधिकारी विशाख जी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि बस चालक ने सड़क पर अचानक आए एक राहगीर को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और बस खाई में पलट गई। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और घायलों को हरसंभव इलाज उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और बस संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.