देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और इसके बाद आपदा राहत व पुनर्वास को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे और प्रधानमंत्री के आगमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से गहरा लगाव है। आपदा जैसी कठिन परिस्थितियों में प्रधानमंत्री लगातार राज्य का सहयोग और मार्गदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के इस दौरे से न केवल प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति मिलेगी, बल्कि पुनर्निर्माण और पुनर्वास योजनाओं को भी मजबूती मिलेगी।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी आपदा प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान आपदा से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन, चल रहे राहत-बचाव कार्य और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में आई भारी बारिश और भूस्खलन से राज्य के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। केंद्रीय टीम ने भी पिछले दिनों राज्य का दौरा कर स्थिति का आकलन किया था। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के बाद उत्तराखंड को विशेष आर्थिक पैकेज भी दे सकते हैं।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। एयरपोर्ट से लेकर हवाई सर्वेक्षण तक के मार्ग पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन से उत्तराखंडवासियों में आशा और विश्वास और मजबूत होगा तथा आपदा राहत कार्यों को नई दिशा मिलेगी।