After Header-1

उर्स मेले का औचक निरीक्षण, सीसीटीवी कंट्रोल रूम पर मिला ताला

300×250 ADS-1

हरिद्वार। पिरान कलियर में चल रहे सालाना उर्स मेले की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इन्हीं शिकायतों की जांच के लिए शनिवार देर रात रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट (जेएम) दीपक रामचंद्र शेट ने मेला क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं, जिन पर जेएम ने नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सबसे पहले झूला-सर्कस ग्राउंड, तालाब क्षेत्र और होटलों का जायजा लिया। उन्होंने होटलों में रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से लगाने, साफ-सफाई बनाए रखने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसी दौरान जब वे दरगाह कार्यालय में बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला।

जेएम ने तुरंत थाने में बने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया, लेकिन वहां भी यही स्थिति पाई गई। कंट्रोल रूम पर ताले लगे मिलने से जेएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर मौजूद एसएसआई बबलू चौहान से चाबी मंगवाकर ताला खुलवाया और सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

300×600 ADS-2

निरीक्षण के दौरान जेएम के साथ नायब तहसीलदार यूसुफ अली, ईओ कुलदीप चौहान, एसएसआई बबलू चौहान, दरगाह सुपरवाइजर इंतखाब आलम, राव सिकंदर हुसैन, राव सारिक नियाज़ी, अहसान कुरैशी, हिमांशू और गौरव मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उर्स जैसे बड़े आयोजन में सुरक्षा और व्यवस्थाएं सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कंट्रोल रूम का बंद मिलना न केवल लापरवाही को दर्शाता है बल्कि सुरक्षा पर भी सवाल खड़े करता है।

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने साफ कहा कि प्रशासन का लक्ष्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही सामने आई तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.