देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव मदद पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि धराली (उत्तरकाशी) के बाद थराली (चमोली) में अतिवृष्टि एवं बादल फटने की घटना के बाद सरकार ने त्वरित कदम उठाए। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर भेजी गईं, जबकि जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग लगातार सक्रिय रहा।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि थराली में हुई अतिवृष्टि से जन-धन की हानि दुखद है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं 24 अगस्त, सोमवार को थराली पहुंचे और आपदा प्रभावित परिवारों से मिलकर उनका हाल जाना। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही प्रभावित परिवारों को 5 लाख रुपये की तात्कालिक सहायता राशि सौंपी और आगे भी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
हेमंत द्विवेदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कहना गलत है कि प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों की मदद में लापरवाही कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावितों की सुरक्षा और पुनर्वास है, जिसके लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सभी को राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के साथ सहयोग करें।
इस घटना ने प्रदेश सरकार की त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावितों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाया है। राहत और पुनर्वास के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं, ताकि आपदा पीड़ित परिवार जल्द से जल्द सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।