रुड़की की बेटी सोनिया गोयल को मिला बड़ा सम्मान, जानिए वजह

रुड़की। रुड़की की समाजसेवी बेटी सोनिया गोयल ने पूरे नगर का नाम रोशन किया है। उन्हें दिल्ली के एक भव्य होटल में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें रक्तदान, दिव्यांगजनों की सहायता और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों को शिक्षा की ओर अग्रसर करने जैसे कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में लेह-लद्दाख के महामहिम उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता और अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने सोनिया गोयल को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सोनिया पिछले कई वर्षों से समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही हैं। उनके प्रयासों से समाज को लाभ मिल रहा है और जागरूकता भी बढ़ रही है।

राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष नरेश बंसल ने भी उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सोनिया जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने विशेष रूप से रक्तदान के प्रति सोनिया की प्रतिबद्धता को सराहा।

सम्मान प्राप्त करने के बाद सोनिया गोयल ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने केवल रक्तदान की कमी को देखते हुए इस दिशा में काम शुरू किया था। उनका उद्देश्य बस इतना था कि कोई भी व्यक्ति खून की कमी से अपनी जान न गंवाए। लेकिन समाज की सेवा करते-करते उन्हें कभी अंदाज़ा नहीं था कि उनका यह प्रयास उन्हें इतनी बड़ी पहचान दिलाएगा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री और सांसद रामेश्वर तेली, सांसद दामोदर अग्रवाल, बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व सांसद अनिल अग्रवाल और वरिष्ठ पत्रकार अतुल सिंघल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सोनिया गोयल के कार्यों की सराहना की और उन्हें समाज के लिए प्रेरणा बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.