बिग बॉस ओटीटी-2 के विनर और मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर रविवार सुबह हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच तीन बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने सेक्टर-57 स्थित उनके घर को निशाना बनाया और 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के लोग दहशत में आ गए।
खुशकिस्मती से इस फायरिंग में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। घटना के वक्त एल्विश यादव भी घर पर मौजूद नहीं थे। जैसे ही फायरिंग की सूचना पुलिस को मिली, सेक्टर-56 थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि हमलावरों ने घर के ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर को निशाना बनाया था। इस मामले की गहन जांच के लिए कई पुलिस टीमें तैनात कर दी गई हैं। फिलहाल, गोलीबारी के पीछे की वजहों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, एल्विश यादव हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया के करीबी दोस्त हैं। कुछ समय पहले राहुल पर भी फायरिंग की घटना हुई थी। पुलिस इस ताजा मामले को फाजिलपुरिया केस से जोड़कर भी देख रही है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों घटनाओं का आपस में सीधा संबंध है या नहीं।
इस गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया है। लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन का कहना है कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा और किसी भी तरह की सुरक्षा चूक नहीं होने दी जाएगी।