After Header-1

कठुआ में बादल फटने से 4 की मौत, 6 घायल – हालात कैसे संभाले जा रहे हैं?

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बीती रात आई प्राकृतिक आपदा ने जनजीवन को झकझोर कर रख दिया। जिले के राजबाग इलाके के जोड़ घाटी गाँव में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात बादल फट गया। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, बादल फटने के कारण गाँव में भारी तबाही हुई है। कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और गाँव तक जाने वाले रास्ते मलबे से पूरी तरह बाधित हो गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घटनास्थल तक पहुँच बनाई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल ले जाया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति लगातार नियंत्रण में लाने की कोशिश की जा रही है।

इसी बीच, कठुआ थाना क्षेत्र के बागड़ और चांगड़ा गाँवों तथा लखनपुर थाना क्षेत्र के दिलवान-हुतली में भी भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाएं दर्ज की गईं। हालांकि इन इलाकों से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से अधिकांश जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। उझ नदी इस समय खतरे के निशान के बेहद करीब बह रही है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और जलाशयों से दूर रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचित करें।

प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए राहत टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में तैनात हैं और मलबा हटाने के साथ-साथ फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.