After Header-1

मौसम विभाग का अलर्ट: कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की आशंका

300×250 ADS-1

देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों आसमान से आफत बरस रही है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदियां उफान पर हैं और कई जगहों पर भूस्खलन के कारण मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने शनिवार के लिए राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। चेतावनी के अनुसार देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं अति भारी वर्षा हो सकती है। वहीं, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, चम्पावत और पौड़ी जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

राज्य के सभी जनपदों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने, तीव्र से अति तीव्र वर्षा के दौर और तेज बौछारों की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पूर्वानुमान के मुताबिक, आसमान में दिनभर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

300×600 ADS-2

लगातार बारिश से पर्वतीय जिलों में भूस्खलन की घटनाएं भी बढ़ रही हैं, जिससे कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इससे न केवल यातायात प्रभावित हुआ है बल्कि राहत और बचाव कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीण इलाकों में लोगों के घरों में पानी और मलबा घुसने से दिक्कतें और बढ़ गई हैं।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने सभी जिलों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय प्रशासन को संवेदनशील इलाकों में चौकसी बरतने और नदी किनारे या भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के लिए कहा गया है।

उत्तराखंड में बारिश का यह सिलसिला अभी और जारी रहने की संभावना है, जिससे आमजन को अगले कुछ दिनों तक और कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.