After Header-1

बीकेटीसी का विशेष आह्वान – इस बार स्वतंत्रता दिवस पर होगा अनोखा आयोजन

79वें स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान में कैसे जुड़ेगी बीकेटीसी, जानें पूरी योजना

देहरादून। 79वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने खास तैयारी की है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के आह्वान पर इस बार समिति के अधिकारी और कर्मचारी न केवल धूमधाम से ध्वजारोहण करेंगे, बल्कि “हर घर तिरंगा” अभियान में भी सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की शान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में जुड़ें और इस अवसर पर अच्छा नागरिक बनने का संकल्प लें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी पहल से “हर घर तिरंगा” मुहिम को पूरे प्रदेश में व्यापक समर्थन मिल रहा है।

इसी क्रम में बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल द्वारा आदेश जारी किए गए हैं, जिनमें कहा गया है कि श्री बदरीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम सहित सभी कार्यालयों, उप कार्यालयों, विश्राम गृहों, संस्कृत विद्यालयों और महाविद्यालयों में 15 अगस्त, शुक्रवार सुबह 9 बजे एक साथ ध्वजारोहण किया जाएगा।

आदेश के अनुसार, सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों में आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इस आयोजन के माध्यम से न केवल स्वतंत्रता दिवस की गरिमा बढ़ेगी, बल्कि हर घर तिरंगा अभियान के जरिए राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि यह सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की आजादी का सम्मान करने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में आम जन और समिति से जुड़े सभी लोग पूरे उत्साह और जोश के साथ शामिल होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.