चारधाम यात्रा पर अस्थायी रोक, बीकेटीसी अध्यक्ष ने तीर्थयात्रियों को दी खास सलाह

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने चारधाम यात्रा पर आए तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा प्रदेश सरकार और बीकेटीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने हाल ही में हुई उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि यहां अतिवृष्टि के कारण आपदा की स्थिति उत्पन्न हुई थी। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया और अब प्रयास किया जा रहा है कि धराली में जल्द से जल्द जनजीवन सामान्य हो सके।

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड के कई हिस्सों में इन दिनों लगातार भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण जगह-जगह भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने श्री बदरीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी की यात्रा पर 14 अगस्त तक अस्थायी रोक लगा दी है।

अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक जोखिम न लें और मौसम की ताजा स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा की योजना बनाएं। साथ ही, यदि यात्रा मार्ग पर स्थिति सामान्य होती है तो प्रशासन जल्द ही इसकी सूचना जारी करेगा।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इसके लिए मार्गों की मरम्मत, आपदा प्रबंधन दल की तैनाती और मौसम मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि वे प्रशासन और बीकेटीसी के दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे उनकी यात्रा सुरक्षित और सुखद हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.