पाबौ ब्लॉक प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका

8 सदस्य भाजपा के समर्थन में, लता रावत की जीत तय

देहरादून/पौड़ी। पाबौ ब्लॉक प्रमुख चुनाव में कांग्रेस को करारा झटका लगा है। आज आठ क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भाजपा प्रत्याशी लता रावत के समर्थन की घोषणा की, जिनमें से सात ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। वहीं, एक सदस्य ने बाहर से समर्थन देने की घोषणा की है।

ब्लॉक में कुल 27 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। इससे पहले 18 सदस्य पहले ही भाजपा प्रत्याशी लता रावत के समर्थन में थे। अब आठ और सदस्यों के समर्थन से भाजपा का आंकड़ा 26 तक पहुँच गया है, जिससे लता रावत की जीत लगभग सुनिश्चित हो गई है।

सबसे बड़ा झटका कांग्रेस को उस समय लगा जब कोटली से क्षेत्र पंचायत सदस्य और कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सुधीर रावत ने भाजपा का दामन थाम लिया।

भाजपा में शामिल हुए सदस्यों की सूची:

* सुधीर रावत (कोटली, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष)
* सोहन सिंह (जतखोली)
* सुनील सिंह (बुरांसी)
* गजेंद्र सिंह (सिमतोली)
* नरेश सिंह (पटौटी)
* कृष्ण चंद्र (कालौं)
* जीत सिंह (फलदवाड़ी)

इसके अतिरिक्त सिमखेत क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलेश ने भाजपा को बाहर से समर्थन देने की घोषणा की है।

भाजपा में इन सदस्यों का स्वागत कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में किया गया। इस मौके पर पौड़ी भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रजनी रावत, मंडल अध्यक्ष पाबौ विमल, मंडल अध्यक्ष खिरसू मीना गैरोला, जिला पंचायत सदस्य भारत रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता मातवर सिंह रावत, हेमंत सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश मानदरवाल समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस घटनाक्रम से पाबौ ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा को भारी बढ़त मिल गई है और कांग्रेस की स्थिति बेहद कमजोर हो गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.