अमेरिका से पाक सेना प्रमुख की परमाणु धमकी: भारत को लेकर क्या बोले असीम मुनीर?

नई दिल्ली,  ऑपरेशन सिंदूर में करारी शिकस्त खाने के बाद भी पाकिस्तान अपनी पुरानी आदत से बाज नहीं आ रहा है। अब पाक सेना प्रमुख और स्वयंभू फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने एक बार फिर भारत को परमाणु हमले की खुली धमकी दी है। हैरानी की बात यह है कि उन्होंने यह विवादित बयान अमेरिकी धरती से दिया है।

दरअसल, असीम मुनीर इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं। फ्लोरिडा के टाम्पा शहर में स्थित ग्रैंड हयात होटल में एक खास डिनर के दौरान उन्होंने भारत को लेकर भड़काऊ बयान दिए। डिनर में मौजूद पाकिस्तानी कारोबारी अदनान असद समेत अन्य मेहमानों के सामने मुनीर ने कहा कि अगर भारत के साथ जंग हुई और पाकिस्तान का अस्तित्व खतरे में आया, तो “आधी दुनिया को अपने साथ ले जाएंगे।”

मुनीर यहीं नहीं रुके। उन्होंने भारत पर सिंधु जल समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया और कहा कि भारत की वजह से पाकिस्तान के 25 करोड़ लोग भूख-प्यास से मरने की कगार पर हैं। उन्होंने धमकी दी कि पाकिस्तान भारत के बांधों के बन जाने का इंतजार करेगा और फिर उन्हें मिसाइलों से उड़ा देगा।

पाकिस्तान की इन धमकियों पर भारत पहले ही कड़ा रुख अपना चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत पर किसी भी परमाणु धमकी का डर नहीं है। उन्होंने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर समाप्त नहीं हुआ है, केवल स्थगित है। किसी भी आतंकी हमले को भारत सीधे युद्ध की कार्यवाही मानेगा और उसका जवाब निर्णायक रूप से दिया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.