ओवल टेस्ट में भारत ने दिया 374 रनों का टारगेट, क्या इंग्लैंड कर पाएगा चमत्कार?

जायसवाल और आकाशदीप की धमाकेदार पारियां, इंग्लैंड के सामने बड़ी चुनौती

लंदन, केनिंग्टन ओवल। भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा पांचवां टेस्ट मुकाबला अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। भारत ने इंग्लैंड के सामने 374 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 1 विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए हैं। अब इंग्लैंड को जीत के लिए 324 रन और चाहिए, जबकि भारत को सिर्फ 9 विकेट की दरकार है।

तीसरे दिन इंग्लैंड की दूसरी पारी में केवल 13.5 ओवर का खेल संभव हो पाया। मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड को पहला झटका देते हुए जैक क्रॉली (14 रन) को आउट किया। वहीं, बेन डकेट 48 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद लौटे।

भारत की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। केएल राहुल (7) और साई सुदर्शन (11) जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद यशस्वी जायसवाल और नाइटवॉचमैन आकाशदीप ने पारी को संभाला। जायसवाल ने बेहतरीन 118 रन (164 गेंद, 14 चौके, 2 छक्के) की शतकीय पारी खेली। वहीं, आकाशदीप ने 94 गेंदों में 66 रन बनाते हुए अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक जड़ा।

मिडिल ऑर्डर में शुभमन गिल (11) और करुण नायर (17) फ्लॉप रहे। फिर रवींद्र जडेजा ने 53 रनों की अहम पारी खेली। ध्रुव जुरेल ने 34 रन बनाए, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने सिर्फ 46 गेंदों में 53 रन ठोककर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने 125 रन देकर 5 विकेट लिए। गस एकटिंसन को 3 और जेमी ओवरटन को 2 विकेट मिले। क्रिस वोक्स चोटिल होने के कारण गेंदबाज़ी नहीं कर पाए, जिससे इंग्लैंड की गेंदबाजी कमजोर नज़र आई।

अब चौथे दिन दोनों टीमों के लिए मुकाबला निर्णायक होने जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.