24 घंटे का यलो अलर्ट, 22 किमी पैदल चलना होगा केदारनाथ यात्रियों को!

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, केदारनाथ यात्रा पर फिर संकट!

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का कहर लगातार जारी है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आगामी 24 घंटों के भीतर बाढ़ आने की संभावना भी जताई गई है।

इसके अलावा अल्मोड़ा, चमोली, चंपावत, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने सभी जिलों के नागरिकों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

आपदा प्रबंधन सचिव विनोद सुमन ने सभी जिला अधिकारियों को हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।

बारिश के बीच एक राहत की खबर भी सामने आई है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक का जो हिस्सा कुछ दिनों से अवरुद्ध था, वह अब आंशिक रूप से पैदल आवागमन के लिए खोल दिया गया है।

रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रल्हाद कोंडे के अनुसार, सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच का मुख्य सड़क मार्ग अभी वाहनों के लिए पूरी तरह से चालू नहीं हुआ है। ऐसे में यात्रियों को केदारनाथ धाम तक पहुंचने के लिए करीब 22 किलोमीटर का सफर पैदल ही तय करना होगा।

बारिश के चलते सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौसम बिगड़ने की स्थिति में यात्रा को फिर से रोका जा सकता है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.