100 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तारी, क्या पिथौरागढ़ बन रहा है ड्रग हब?

टनकपुर में ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश, नेपाल और मुंबई से जुड़ा नेटवर्क!

टनकपुर (चंपावत)। बनबसा थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ है। टीम ने टनकपुर क्षेत्र से एक युवक को 100.03 ग्राम प्रतिबंधित नशीले पदार्थ एमडीएमए (मिथाइलीन डाइऑक्सीमेथामफेटामिन) के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार युवक की पहचान विशाल नरेन्द्र भंडारी (24 वर्ष), निवासी कंचनपुर, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विशाल लंबे समय से ड्रग सिंडिकेट से जुड़ा हुआ था और वह पिथौरागढ़ में पोल्ट्री फार्म की आड़ में एक अवैध ड्रग फैक्ट्री स्थापित करने में सहायता कर रहा था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि हाल ही में मुंबई में पुलिस की रेड के बाद उसके साथियों – कुनाल कोहली, राहुल और रोशन – ने उसे यह एमडीएमए सौंपा था। इतना ही नहीं, विशाल ने ऑनलाइन कच्चा माल मंगवाकर ड्रग निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस को शक है कि यह नेटवर्क नेपाल से लेकर मुंबई तक फैला हुआ है और सीमावर्ती क्षेत्रों को बेस बनाकर संचालित हो रहा है।

इस कार्रवाई में बनबसा थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह कोरंगा, एसओजी प्रभारी लक्ष्मण सिंह जगवाण सहित गणेश सिंह, संजय शर्मा, जगदीश कन्याल, गिरीश भट्ट और चालक अनिल कुमार शामिल रहे।

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध गतिविधि या तीव्र रासायनिक गंध जैसी जानकारी मिले तो तुरंत 100/112 नंबर या निकटवर्ती थाना को सूचित करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.