After Header-1

एयर इंडिया विमान हादसे के बाद डीजीसीए की बड़ी कार्रवाई, तीन वरिष्ठ अधिकारी हटाए गए

300×250 ADS-1

नई दिल्ली। अहमदाबाद में 12 जून को हुए भीषण एयर इंडिया विमान हादसे के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने विमानन सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को डीजीसीए ने एयर इंडिया को तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश जारी किया है। इनमें एक वरिष्ठ उड़ान संचालन अधिकारी और डिविजनल वाइस प्रेसिडेंट भी शामिल हैं।

डीजीसीए ने इन अधिकारियों पर चालक दल की शेड्यूलिंग, अनुपालन निगरानी और आंतरिक जवाबदेही में प्रणालीगत विफलता का आरोप लगाया है। अधिकारियों के अनुसार, ये अधिकारी क्रू शेड्यूलिंग और रोस्टरिंग से जुड़ी जिम्मेदारियों को निभा रहे थे, लेकिन उन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया, जिससे हादसे की आशंका को बढ़ावा मिला।

20 जून को जारी DGCA के आदेश में एयर इंडिया को इन अधिकारियों को सभी जिम्मेदारियों से हटाने और आंतरिक अनुशासनात्मक कार्रवाई तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई विमानन क्षेत्र में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

300×600 ADS-2

इससे पहले भी डीजीसीए ने एयर इंडिया को तीन एयरबस विमानों के आपातकालीन उपकरणों की तय समयसीमा के बाद जांच कराने और उसके बावजूद विमानों को उड़ान भरने देने के मामले में चेतावनी दी थी। डीजीसीए ने एयरलाइन को इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लेने और समस्या को समय पर हल न करने पर फटकार भी लगाई थी।

गौरतलब है कि 12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो कि अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, तकनीकी खराबी के चलते अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में विमान में सवार 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में से केवल एक की जान बची, जबकि 29 स्थानीय निवासी भी इस दुर्घटना का शिकार हो गए।

यह हादसा भारतीय विमानन क्षेत्र के इतिहास में एक बेहद दुखद और गंभीर घटना रही, जिसने विमानन सुरक्षा और संचालन में लापरवाही की ओर संकेत किया। डीजीसीए की यह ताजा कार्रवाई उसी के मद्देनजर ली गई एक कठोर लेकिन आवश्यक पहल मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.