ईरान-इजरायल संघर्ष ने पकड़ा गंभीर मोड़, नेतन्याहू बोले- खामेनेई की मौत तक नहीं रुकेगा युद्ध

तेहरान और तेल अवीव में दहशत का माहौल, ईरानी मेजर जनरल की मौत के बाद रजा शाह पहलवी ने उठाई लोकतंत्र की मांग

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच चुका है। ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष अब भयावह मोड़ ले चुका है। जहां एक ओर इजरायली जनता बंकरों में छिपने को मजबूर है, वहीं दूसरी ओर ईरान की राजधानी तेहरान से लोग जान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।

इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक बेहद आक्रामक बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि यह संघर्ष तब तक नहीं रुकेगा जब तक ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मृत्यु नहीं हो जाती। मंगलवार को इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने दावा किया कि उसने एक हवाई हमले में ईरानी मेजर जनरल अली शादमानी को मार गिराया है। बता दें कि शादमानी ने महज चार दिन पहले ही यह पद संभाला था।

इस युद्ध के चलते ईरान में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। इस्लामिक क्रांति से पहले ईरान पर राज कर चुके शाह मोहम्मद रेजा पहलवी के बेटे, रजा शाह पहलवी ने अली खामेनेई के खिलाफ तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “यह युद्ध ईरान की जनता का नहीं, खामेनेई का निजी युद्ध है। इसका अंत किसी भी रूप में हो सकता है, लेकिन इससे सरकार की नींव कमजोर होगी। मैं पिछले 40 वर्षों से ईरान में लोकतंत्र की बहाली के लिए लड़ रहा हूं।”

स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता भी बढ़ने लगी है। अब देखना यह है कि क्या इस युद्ध का कोई कूटनीतिक समाधान निकल पाएगा या यह और अधिक भयावह दिशा में जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.