नई दिल्ली। पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर भारत द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ नए दंडात्मक कदम उठाए जाने के कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान ने भी भारतीय ध्वज वाले पोतों के लिए अपने बंदरगाहों को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है।
इससे पहले, भारत ने इस्लामाबाद के खिलाफ नए दंडात्मक कदम उठाते हुए शनिवार को पाकिस्तान के साथ सभी डाक सेवाएं स्थगित कर दीं और भारतीय बंदरगाहों पर पाकिस्तानी ध्वज वाले पोतों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया।
भारत ने पाकिस्तान से आने वाले या वहां से गुजरने वाले माल के आयात और अपने बंदरगाहों पर पाकिस्तानी पोतों के प्रवेश पर भी शनिवार को प्रतिबंध लगा दिया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ ‘‘दृढ़ एवं निर्णायक’’ कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके बाद, पाकिस्तान ने शनिवार देर रात आदेश दिया कि भारतीय ध्वज वाले किसी भी पोत को किसी भी पाकिस्तानी बंदरगाह पर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी तथा पाकिस्तानी पोतों को किसी भी भारतीय बंदरगाह पर रुकने की अनुमति नहीं होगी।
पाकिस्तान के समुद्री मामलों के मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा कि उसने समुद्री संप्रभुता, आर्थिक हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वर्तमान स्थिति के संदर्भ में भारतीय पोतों पर प्रतिबंध लगाने का कदम उठाया। मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारतीय ध्वज वाले पोतों को किसी भी पाकिस्तानी बंदरगाह तक पहुंचने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसी तरह, पाकिस्तानी ध्वज वाले पोत किसी भी भारतीय बंदरगाह पर नहीं जाएंगे।’’
मंत्रालय ने कहा कि ये कदम तत्काल उठाए जाएंगे। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंध और तनावपूर्ण हो गए हैं। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच हवाई और जमीनी मार्गों के माध्यम से पड़ोसी देश के साथ सभी श्रेणियों की डाक और पार्सल सेवा शनिवार को बंद कर दी।

