ऋषिकेश। चुनाव में हरिद्वार सीट पर श्यामपुर स्थित फ्लाईओवर निर्माण और नगर निगम परिसर में बनने वाली बहुउद्देशीय पार्किंग ऋषिकेश के लिए प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे। इसका निर्माण होने से शहर में जाम की समस्या कम होगी। नेपाली फार्म से भट्टी वाला तक फ्लाईओवर का निर्माण होना था।
लेकिन फ्लाईओवर के अलाइनमेंट को लेकर लोगों में एक मत न होने से निर्माण नहीं हो पाया। स्थानीय मतदातों का कहना है कि यदि पांच साल फ्लाईओवर के अलाइनमेंट को लेकर सहमति बन जाती तो आज स्थानीय लोगों को श्यामपुर फाटक पर जाम से नहीं जूझना पडता। जिस कारण जनता इस बार फ्लाईओवर का निर्माण भी चुनावी मुद्दा बनेगी।
शहर में पार्किंग की सुविधा नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पडता है। नगर पालिका परिसर में पार्किंग की व्यवस्था के लिए तत्कालीन शहरी विकास मंत्री नवप्रभात ने 206 में तत्कालीन नगर पालिका (अब नगर निगम) परिसर में बहुद्देशीय पार्किंग का शिलान्यास किया था। लेकिन बहुद्देशीय भवन निर्माण का काम शिलान्यास से आगे नहीं बढा। करीब डेढ़ साल पहले भी बहुद्देशीय पार्किंग बनाने की बात हुई, लेकिन आज तक धरातल पर नहीं उतर पाई।
पूर्व पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा बताते हैं कि कुछ विवादों के कारण पार्किंग का काम शिलान्यास से आगे नहीं बढ़ पाया। इस बार बहुउद्देशीय पार्किंग चुनाव मुद्दा होगी। इनके साथ ही शहर में बरसात के दौरान जलभराव, जयराम आश्रम से चंद्रभागा तक हाईवे चौड़ीकरण, सरकारी उप जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों व संसाधनों का अभाव, ऋषिकेश नीलकंठ रोपवे योजना आदि भी लोकसभा चुनाव में हरिद्वार सीट पर स्थानीय मुद्दे होंगे।