भगवंत मान ने कहा- बीजेपी देश को कई टुकड़ों में तोड़ने की कर रही कोशिश

नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि भाजपा देश को कई टुकड़ों में तोड़ने की कोशिश कर रही है इसलिए लोगों को इससे सतर्क रहना चाहिए। मान ने लोगों से आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के ‘नए जुमलों’ से प्रभावित नहीं होने का आग्रह किया।

मान ने यहां रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि विपक्षी दल एकजुट हों। उन्होंने कहा, ‘‘ ये लोग नहीं चाहते कि हम साथ बैठें। चलो साथ आयें। देश अपने सभी 140 करोड़ लोगों का है और यह किसी की ‘संपत्ति’ नहीं है।

कई स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी, जिसके बाद ही देश को आजादी मिली। वे इस देश को कई टुकड़ों में तोड़ना चाहते हैं। वे नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) लेकर आए।’’ मान ने कहा कि चुनावों के दौरान, जुमलों की नयी फैक्टरियां खुलेंगी इसलिए लोगों को उनके बहकावे में नहीं आना चाहिए।

विपक्षी गठबंधन (इंडिया) के घटक दलों के प्रमुख नेताओं ने रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पक्ष में आवाज बुलंद की तथा देश में लोकतंत्र एवं संविधान को बचाने तथा लोकसभा चुनाव में निष्पक्षता सुनिश्चित किए जाने पर जोर दिया।

पंजाब के मुख्यमंत्री ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर कहा, ‘‘वह एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार है। आप अरविंद केजरीवाल को तो गिरफ्तार कर सकते हैं लेकिन उनकी सोच को कैसे गिरफ्तार करेंगे?

Leave A Reply

Your email address will not be published.