इलेक्टोरल बॉन्ड योजना पर कांग्रेस फैला रही भ्रम: महेंद्र भटृ

देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ ने इलेक्टोरल बॉन्ड योजना पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रम फैला रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने एक जारी बयान में कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की संभावना को लेकर न्यायालय ने कोई प्रतिकूल टिप्पणी नहीं की है, बल्कि आरटीआई एक्ट को लेकर आपत्ति जताते हुए अन्य विकल्पों पर विचार करने की बात कही है। साथ ही कहा कि कांग्रेस को विगत 5 वर्षों में इस चंदे से 1113 करोड़ लेने में कोई आपत्ति नही हुई, लेकिन आपत्ति अन्य पार्टियों को मिलने से है।

महेंद्र भटृ ने स्पष्ट किया कि अब चूंकि इस मुद्दे पर शीर्ष अदालत का फैसला आ चुका है। लिहाजा सभी को इसका सम्मान करना चाहिए लेकिन मुद्दाविहीन विपक्ष इस न्यायिक विषय का भी राजनीतिकरण कर रहा है। दरअसल, उनके पास प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और उनकी सरकार द्वारा किए गए सकारात्मक कार्यों का कोई विकल्प नहीं है। इन 5 वर्षों में कांग्रेस को भी लगभग 1113 करोड़ रुपये मिले हैं जो कुल चंदे का 9.33 फीसदी से अधिक है, जो देश में दूसरे नंबर पर है लेकिन कांग्रेस को कभी दिक्कत नहीं हुई।

उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि न्यायालय ने इस योजना को आरटीआई के कुछ प्रावधानों और समान अवसर के अनुपालन नहीं होने की संभावनाओं को देखते हुए रोक लगाई है। राजनीति में काले धन के दुरुपयोग को बंद करने के लिए अन्य विकल्प पर विचार करने को कहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.