राजस्थान : गहलोत जी, कोनी मिलै वोट जी: PM मोदी

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने गुरुवार को महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मुद्दे पर राज्य की अशोक गहलोत( Ashok Gehlot) के नेतृत्व वाली कांग्रेस ( Congress) सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि राजस्थान में महिलाएं कांग्रेस को एक पल के लिए भी बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं हैं और राज्य ने वर्तमान सरकार से ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार करने वाली कोई सरकार नहीं देखी। उन्होंने कहा कि बहुत ऐसे लोग हैं, जो भाजपा की ताकत को जानते ही नहीं हैं, उनको लगता है कि मोदी को गाली दे दोगे तो उनकी गाड़ी चल जाएगी। लेकिन उनको पता नहीं है कि ये ऐसी पार्टी है जिसे कार्यकर्ताओं ने अपने खून-पसीने से बनाया है। ये पार्टी ऐसी है, जिसमें चार-चार पीढ़ियां खप गई हैं और एक ही सपना लेकर के…भारत माता की जय।
मोदी ने कहा कि आज राजस्थान में बहुत सारी शादियां हैं और इन शादियों के कारण इलेक्शन कमीशन ने चुनाव की तिथि बदल दी, ताकि शादियों में रुकावट न आए। ऐसे में राजस्थान की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि पूरी जिम्मेदारी के साथ आप मतदान करेंगे। पिछले चुनाव के मतदान से ज्यादा वोटिंग होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान के इस चुनाव में हमारी माताओं, बहनों और बेटियों ने जिस प्रकार से भाजपा का झंडा उठा लिया है, वो काबिले-तारीफ है। आज राजस्थान में हर तरफ से एक ही बात सुनाई देती है-गहलोत जी, कोनी मिलै वोट जी। उन्होंने कहा कि राजस्थान ने आज तक इससे बड़ी महिला विरोधी सरकार नहीं देखी है। इसलिए राजस्थान के जन-जन ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प ले लिया है। इसलिए कल मैं डंके की चोट पर कहा है कि राजस्थान में अब कभी भी गहलोत सरकार की वापसी नहीं होगी।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजस्थान की इस धरती का कण-कण वीर-वीरांगनाओं की गाथाओं से भरा पड़ा है। लेकिन कांग्रेस सरकार ने राजस्थान को माताओं, बहनों, बेटियों पर अत्याचार के मामले में नंबर वन बना दिया है और मुख्यमंत्री कहते हैं कि यहां महिलाएं झूठे मुकदमे दर्ज कराती हैं। ये चुनाव उनको सजा देने का चुनाव है और आपके एक वोट में उनको सजा देने की ताकत है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जो देश का सबसे बड़ा घोटाला हुआ, वो भी हमारे देश के वीर जवानों के लिए जो खरीद करनी थी, उनमें भी इन्होंने घोटाला कर दिया। बोफोर्स घोटाले को देश कभी नहीं भूल सकता। कांग्रेस ने सबमरीन में घोटाला किया, हेलिकॉप्टर में घोटाला किया। जल हो, नभ हो, थल हो…कांग्रेस का पंजा एक ही काम करता है सिर्फ लूटो।

Leave A Reply

Your email address will not be published.