After Header-1

बिहार में पहली बार बेतिया स्टेशन से चलाई गयी भारत गौरव पर्यटन स्पेशल ट्रेन

समस्तीपुर। बिहार में पहली बार पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेल मंडल के बेतिया स्टेशन से शनिवार को दक्षिण भारत यात्रा के लिए भारत गौरव पर्यटन स्पेशल ट्रेन चलाई गयी है।
आईआरसीटीसी,पटना के क्षेत्रीय संयुक्त महाप्रबंधक राजेश कुमार ने आज यहां बताया कि पहली बार देखों अपना देश के तहत भारत गौरव ट्रेन की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन बेतिया स्टेशन से शनिवार की सुबह 6.15 बजे दक्षिण भारत यात्रा के लिए रवाना हुई। यह ट्रेन समस्तीपुर,पटना एवं झारखंड के जसीडीह, मधुपुर और बंगाल के चितरंजन, आसनसोल एवं हिजली समेत प्रमुख स्टेशन होते हुए दक्षिण भारत की यात्रा पर जायेगी।
श्री कुमार ने बताया कि इस यात्रा के तहत तीर्थ यात्रियों को तिरुपति के बालाजी, रामेश्वरम के श्री रामनाथ स्वामी, मदूरै के मीनीक्षी मंदिर, कन्याकुमारी मंदिर एवं त्रिवेंद्रम स्थित पद्मनामस्वामी मंदिर समेत प्रमुख तीर्थ स्थलों का दर्शन कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत भारतीय रेलवे ने रेल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीर्थ यात्रियों को करीब 33 प्रतिशत रियायत प्रदान किया है।
संयुक्त महाप्रबंधक राजेश ने बताया कि यह यात्रा 10 रात एवं 11 दिन का है। साथ ही यात्रा के दौरान श्रेणी के हिसाब से तीर्थ यात्रियों को वातानुकूलित एवं गैर वातानुकूलित होटल मे रात्रि विश्राम के साथ-साथ सुबह, दोपहर एवं रात्रि मे शाकाहारी भोजन समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.