आभूषणों पर हाथ साफ करने वाला चोर गिरफ्तार

नैनीताल। उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने सर्राफा की दो दुकानों से महंगे आभूषणों पर हाथ साफ करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार इसी साल 26 फरवरी एवं 12 मार्च को हल्द्वानी के बंसल एवं तनिष्क ज्वेलर्स में अलग-अलग चोरी की घटनाएं सामने आई थीं।

अज्ञात चोर ने महंगे महंगे आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया था। दोनों घटनाओं की तहरीर कोतवाली पुलिस को सौंपी गई थी। पुलिस तत्काल हरकत में आयी और अभियोग पंजीकृत कर प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया।

पुलिस के सहयोग के लिए विशेष अभियान समूह (एसओजी) को भी लगाया गया। टीम ने घटना स्थल के आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। पुलिस जांच में दोनों घटनाओं में एक ही व्यक्ति का हाथ सामने आया। आखिर पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार निवासी आवास विकास कॉलोनी, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास चोरी किये गये आभूषण बरामद कर लिए गये हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.