महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार का फोकस सप्ताह भर तक जोर-शोर से चला आयोजन 

देहरादून ।उत्तराखंड सरकार का फोकस महिलाओं को सशक्त करने और उनकी सुरक्षा पर अब ज्यादा रहेगा । इसको ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड सरकार ने महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा सप्ताह का शुभारम्भ समस्त जनपदों में जिलाधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। सोमवार को इसका समापन विधिवत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा ।

सप्ताह भर चले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया । इस दौरान महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सरकारी तथा
गैर सरकारी प्रयासों की जानकारी दी गयी। साथ ही प्रतिभागियों के साथ जनसंवाद भी किया गया।
इसके अलावा अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा सप्ताह का शुभारम्भ मुख्यमंत्री एवं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री द्वारा मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित हुआ। महिला भागीदारी को प्रोत्साहन थीम पर आधारित कार्यक्रम में ई-पेपर ’’ अपनी वाणी ’’- प्रदेश से परदेश तक का लोकार्पण किया गया, आत्मरक्षा प्रशिक्षण पर लघु फिल्म का प्रस्तुतिकरण, बाल विवाह रोकने के लिए उत्कृष्ठ कार्य करने वाले कार्मिकों व सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान तथा विभिन्न विभागों द्वारा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया गया।
जनपद एवं ब्लाॅक स्तर पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन महिलाओं एवं बालिकाओं, विशेषकर अकुशल श्रमिक महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए किया गया। आयोजन में जिला प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग तथा श्रम विभाग द्वारा सहयोग किया गया।
इसके इतर मानव तस्करी एवं बाल विवाह सहित महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता अभियान जनपद व ब्लाॅक स्तर पर आयोजित किया गया। महिला गृहों में ऐपण एवं पेंटिंग प्रतियोगितांए आयोजित की गयी। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ठ योगदान के लिए व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
राज्यान्तर्गत संचालित सरकारी/निजी संस्थानों, प्रतिष्ठानों, उद्यमों, कार्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं विद्यालयों में कार्यरत महिलाओं की सुरक्षा के संबंध में ’’ गौरा शक्ति एप ’’ एवं ’’ कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न ’’ के संबंध में जनजागरूकता अभियान जनपद एवं ब्लाॅक स्तर पर आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस कर्मियों ने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न समितियों के संचालन की जाँच की तथा महिला कार्मिकों के मोबाईल पर गौरा शक्ति एप डाउनलोड कराया।
परिवहन विभाग द्वारा सार्वजनिक यातायात के साधनों यथा बसों, आटो, टैक्सियों पर आपातकालीन नम्बर-112 महिला हेल्पलाईन नम्बर-1090 के साथ-साथ इस टैग लाईन का भी अंकन कराया गया-’’ मैं महिला संरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हूँ।

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस का राज्य स्तरीय समापन समारोह मुख्य सेवक सदन, देहरादून में किया जाएगा । जिसमें राज्य में एकल महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रस्तावित कार्यक्रम की घोषणा मुख्यमंत्री तथा कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य द्वारा की जायेगी। एकल तथा निराश्रित महिलाओं को उनके संघर्ष के लिए सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं फूलों की होली के साथ होगा। जनपदों में भी महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा सप्ताह का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया जायेगा। ” महिलाओं की सुरक्षा एवं अन्य जागरूकता जैसे मुद्दों को लेकर उत्तराखंड की स्थिति अन्य राज्यों से काफी बेहतर है । केंद्र और राज्य पोषित योजनाएं प्रभावी ढंग से यहाँ लागू हैं।

” हरि चंद्र सेमवाल, सचिव, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास

Leave A Reply

Your email address will not be published.