After Header-1

बायोटेक ने कहा , जनवरी से मिलेगी कोविड नासिका दवा

नयी दिल्ली। भारतीय कंपनी भारत बायोटेक ने कहा है कि कोविड महामारी के लिए नाक से दी जाने वाली कोविड नासिका दवा ‘इन्कोवाक (बीबीवी 154)’ अगले वर्ष जनवरी के चौथे सप्ताह से बाजार में तथा सरकारी स्तर पर उपलब्ध करा दी जाएगी। कंपनी ने कहा है कि यह कोविन पोर्टल के माध्यम से मिलेगी।

इसे कोवैक्सिन और कोविशील्ड कोविड टीका लेने वाले सभी वयस्क व्यक्ति तीसरी या बूस्टर डोज के तौर पर ले सकेंगे। यह दवा निजी अस्पतालों को 800 रुपए प्रति खुराक और सरकार को 325 प्रति खुराक मिलेगी।

कंपनी ने सोमवार को देर शाम हैदराबाद में जारी एक बयान कहा कि इन्कोवाक को कोविड से बचाव के लिए पहली दो खुराक के तौर पर भी अनुमोदन मिल गया है। इसके लिए देश के 14 स्थलों पर 3100 लोगों पर प्रयोग किया था। इसके अलावा बूस्टर डोज के लिए नौ स्थानों पर 875 लोगों पर प्रयोग किया गया। इन सभी लोगों ने कोविड के टीके के तौर पर पहली दो खुराक के रुप में कोवैक्सिन या कोविशील्ड का टीका लिया था।

इससे पहले भारत बायोटेक ने कहा था कि इन्कोवाक को केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन( सीडीएससीओ) से मंजूरी मिल गई है। कंपनी ने इस दवा के प्रथम द्वितीय और तृतीय स्तर के प्रयोग सफलता के साथ पूरे कर लिए हैं। यह दवा मरीज को नाक के माध्यम से दी जाएगी। इस दवा को विशेष तौर पर निम्न और मध्यम आय वर्ग वाले देशों के नागरिकों के लिए तैयार किया गया है। कंपनी के अनुसार यह दवा 2 डिग्री सेल्सियस से लेकर 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रखी जा सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.