13वीं राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का देहरादून में भव्य शुभारंभ

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून में 13वीं राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2022 का शनिवार को शुभारंभ हुआ। सीनियर, जूनियर, सब-जूनियर और कैडेट सहित सभी आयु वर्गों में होने वाली इस दो दिवसीय चैंपियनशिप में उत्तराखंड, हरियाणा, गुजरात, पंजाब, मध्य प्रदेश, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, असम, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, चंडीगढ़, नागालैंड, राजस्थान और सिक्किम सहित 15 से अधिक राज्य भाग ले रहे हैं।

महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण तथा खेल मंत्री रेखा आर्या ने संयुक्त रूप से इसका शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे तीन वर्ष बालकों-बालिकाओं ने अपने हुनर से सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। श्रीमती भूषण ने यहां आयोजित उद्घाटन समारोह में देश भर से आयो प्रतियोगियों, कोच तथा आयोजनकर्ताओं का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी न किसी प्रकार के खेल को जरूर खेलना चाहिये क्योंकि इससे हमारा शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि खेलों से बच्चे अनुशासित होते हैं और आगे चलकर समाज के लिए अच्छे नागरिक भी बनते हैं।

श्रीमती भूषण ने कहा कि इस प्रकार का आयोजन प्रदेश में होने से बच्चों को देवभूमि उत्तराखंड के खान-पान, पहनावे और संस्कृति का पता चलता है और वे इससे जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो सिर्फ एक खेल ही नहीं बल्कि आत्म-सुरक्षा भी है। श्रीमती आर्या ने प्रसन्नता व्यक्त की कि आज ताइक्वांडो से कहीं न कहीं हमारे बच्चे आत्मरक्षा का गुर सीख रहे हैं, जो बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में मार्शल आर्ट की कई विधाएं वैश्विक खेल स्पर्धाओं का हिस्सा हैं, जिनमें से सबसे लोकप्रिय ताइक्वांडो है। उन्होंने सभी से ताइक्वांडो को सुरक्षा के लिए उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में उत्तराखंड स्पोर्ट्स ताइक्वांडो एसोसिएशन के मुख्य संयोजक डॉ एस फारूक, अध्यक्ष रौनक जैन सचिव जावेद खान तथा कोषाध्यक्ष हिना हबीब आदि उपस्थित थे। विधानसभा अध्यक्ष ने आयोजनकर्ता को धन्यवाद किया और प्रतियोगिता के सफलता की कामना की।

Leave a Reply