जम्मू-कश्मीर : मौसम की सबसे सर्द रात, तापमान शून्य से 0.8 डिग्री पहुंचा

श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गयी जिसमें तापमान गिरकर शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया।

कश्मीर घाटी में पर्यटकों का प्रमुख स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। यह जानकारी मौसम विभाग के अधिकारियों ने  दी। मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटों में शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।

कश्मीर के मौसम पर एक निजी पर्यवेक्षक ने बताया की आगामी 10 दिनों में जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में मौसम शुष्क और अधिकतर सुहावना रहेगा। श्रीनगर में रात्रि में तापमान पहली बार जमाव बिंदु से 0.8 डिग्री पहुंच गया जो एक रात पहले 0.2 डिग्री सेल्सियस था। श्रीनगर और इसके आस-पास के इलाकों में लगातार ठंड पड़ रही है और धूप के साथ-साथ हल्का कोहरा दिखाई दे रहा है।

इस दौरान आज अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दक्षिण कश्मीर में पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो इससे पिछली रात से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है। घाटी के अन्य हिस्सों में भी रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहा जिसमें आज न्यूनतम तापमान कुपवाड़ा में शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंड में शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुकरनाग में 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.