After Header-1

निवेशकों की हरसंभव मदद करेगी बिहार सरकार: शाहनवाज

नई दिल्ली ।बिहार के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने निवेशकों से एक बार प्रदेश में आकर वास्तविकता देखने की अपील करते हुए आज कहा कि सरकार राज्य में उद्योगपतियों के उद्योग की सफलता के लिए हरसंभव सहायता करेगी।

हुसैन ने एपैरल एक्सपोर्ट्स प्रोमोशन काउंसिल (एईपीसी) के सौजन्य से  आयोजित बिहार इंवेस्टर्स मीट में टेक्सटाइल और गार्मेंट्स क्षेत्र के तमाम बड़े उद्योगपतियों और निर्यातकों को संबोधित करते हुए कहा कि बांग्लादेश में निवेश से अच्छा है कि बिहार में निवेश करें।

इससे देश का तो भला होगा ही, बिहार भी देश की अर्थव्यवस्था के सुदृढिकरण में अपनी पूरी भागीदारी निभा पाएगा। उद्योग मंत्री सभी उद्योगपतियों से एक बार बिहार आकर वास्तविकता को करीब से देखने की अपील की और कहा कि आपको उद्योग की सफलता के लिए जो भी संसाधन, उपयुक्त आधारभूत संरचना और सरकार से नीतिगत स्तर पर या अन्य सहायता चाहिए, वह जरूर मिलेगा।

बिहार के उद्योग विभाग के प्रधान सचिव संदीप पॉण्डरीक ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में तेजी से प्लग एंड फैसिलिटी के साथ आधारभूत संरचना का विकास किया जा रहा है। ये सुविधाएं उन इलाकों में विकसित की जा रही है जहां टेक्सटाइल, गार्मेट्स और संबधित उद्योगों के लिए पर्याप्त वर्कफोर्स उपलब्ध है।

इस दौरान एपेरल एक्सपोर्ट्स प्रोमोशन काउंसिल के चैयरमैन और टेक्सपोर्ट इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक नरेन गोयनका ने कहा कि बिहार की टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी 2022 बहुत अच्छी है लेकिन इस नीति के तहत दी जाने वाली सब्सिडी का लाभ तत्काल मुहैया कराया जाना चाहिए।

इसके जवाब में उद्योग मंत्री श्री हुसैन ने कहा कि अभी बिहार में जो भी उद्योग लगे हैं उनहें बिना किसी देरी के सब्सिडी का भुगतान किया जा रहा है और इसमें आगे भी कभी देरी नहीं होगी, इसके लिए उनकी गारंटी है।

शाही एक्सपोर्ट के प्रबंध निदेशक हरीश आहूजा और रिचा ग्लोबल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक वीरेंद्र उप्पल के जमीन की उपलब्धता और औद्योगिक जमीन की दरों के बारे में पूछे गए सवाल पर प्रधान सचिव संदीप पौण्डरीक ने कहा कि अभी हाल ही में हमने 54 औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन की कीमत 20 प्रतिशत से लेकर 80 प्रतिशत तक घटा दी है।

साथ ही उद्योग के लिए जमीन की उपलब्धता भी पर्याप्त है। उन्होंने कहा कि हमारे पास 2900 एकड़ का लैंड बैंक है जिससे जमीन आवंटन में न तो देरी होगी और न ही जमीन की कमी महसूस होगी।

बिहार इंवेस्टर्स मीट में टेक्सटाइल और गार्मेंट्स के तमाम बड़े उद्योगपतियों ने एक सुर में बिहार के कामगारों की दिल से तारीफ की। कहा कि बिहार के वर्कर्स देश में जहां भी काम कर रहे हैं वो कुशल, ईमानदार, काफी मेहनती और काम को लेकर संजीदा होते हैं। 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.