यूक्रेन रूस के साथ तटस्थ चर्चा करने के लिए तैयार

कीव। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि वह शांति समझौते के हिस्से के रूप में तटस्थ देश की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। श्री जेलेंस्की ने रूसी पत्रकारों को दिए गए एक साक्षात्कार में कहा कि रूस के साथ समझौते में सबसे महत्वपूर्ण बिंदु सुरक्षा की गारंटी, तटस्थता और गैर-परमाणु स्थिति है।

जेलेंस्की और रूस के चार जाने-माने पत्रकारों के बीच इस जूम इंटरव्यू की समयावधि 90 मिनट की थी। इन पत्रकारों में लातिव के एक रूसी न्यूज वेबसाइट मेदुजा के संपादक इवान कोल्पाकोव, मॉस्को के दैनिक समाचारपत्र कोमर्सेंट के पत्रकार व्लादिमीर सोलोवयोव, युद्ध शुरू होने के बाद बर्लिन जाकर बसे स्वतंत्र रूसी पत्रकार मिखाइल जायगारो और अस्थायी रूप से बंद स्वतंत्र टेलीविजन चैनल टीवी रेन के संपादक तिखोन द्जदको शामिल थे।

श्री जेलेंस्की ने कहा, ”हम ‘डेनाजिफिकेशन’ और ‘असैन्यीकरण’ पर बिल्कुल भी चर्चा नहीं करेंगे। अगर मुद्दा हर बार यही रहा, तो हम समझौते पर बात करने के लिए तैयार नहीं हैं। मेरे लिए ये सारी चीजें समझ से बाहर है।

उन्होंने कहा, ”यूक्रेन रूस के साथ शांति समझौते के एक हिस्से के रूप में तटस्थ देश की भूमिका निभाने की बात पर चर्चा करने के लिए तैयार है, लेकिन इसे तीसरे पक्ष द्वारा गारंटी दी जानी चाहिए और साथ ही जनमत संग्रह भी कराना होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.