अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रियंका गांधी लखनऊ में करेंगी पैदल मार्च

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आठ मार्च को लखनऊ में पैदल मार्च करेंगी।कांग्रेस ने कहा कि लड़की हूं लड़ सकती हूं के नारे के साथ आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तीकरण को लेकर लखनऊ में आयोजन होना है। इसके लिए लेकर रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने  बताया कि कार्यक्रम का मकसद भारतीय राजनीति में महिलाओं और उनकी आकांक्षाओं को मुख्य धारा में लाना है। उन्होने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में महिला जन जागरण की शुरूआत उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के जरिये शुरू की जा चुकी है जिसमें कांग्रेस ने महिला उम्मीदवारों को 40 प्रतिशत टिकट देने की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा किया।

इस अभियान में पूरे देश से कांग्रेस पार्टी की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि शामिल होंगी। दिन में 12 बजे से शुरू होने वाला यह मार्च बेगम हजरत महल चौराहे से ऊदा देवी चौराहे तक वहां से होते हुए जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा के पास ख़त्म होगा।

श्रीनेत ने कहा कि ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ कांग्रेस के लिए सिर्फ चुनावी नारा नहीं बल्कि देश में नारी को सशक्त और सक्षम बनाने के लिए शुरू किया गया आंदोलन है। यह महिला मार्च एकजुटता का संदेश देने और राजनीति को अधिक समावेशी बनाने के साथ-साथ राजनीति में महिलाओं की भागीदारी का भी प्रतीक है।

नारी शक्ति के राजनीतिक पुनरोत्थान को अब कोई ताकत नहीं रोक सकती है। इस मार्च में डॉक्टर्स, सेविकाओं, शिक्षिकाओं के साथ खेल और सिने जगत से जुड़ी महिलाओं के अलावा कांग्रेस की महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.