यूपी : चार राज्यों की सीमाओं को किया गया सील, अंतिम चरण के मतदान कल

लखनऊ। यूपी के सोनभद्र जिले से सटी चार राज्यों की सीमाओं को सील कर दिया गया है। कल विधानसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के मतदान होने वाले है। पुलिस महानिरीक्षक आर के भारद्वाज ने यह जानकारी दी। सोनभद्र देश का इकलौता ऐसा जिला है जहां चार राज्यों की सीमायें लगती है।

भारद्वाज ने बताया कि आज से रेंज में पड़ने वाले राज्य बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश की सीमाओं को सील कर दिया गया है। पूरे बार्डर लाइन पर चौकसी बढ़ा दी गई है। इन राज्यों से आने जाने वालों की तलाशी ली जा रही है।

हालांकि वाहनों के आवागमन पर कोई विशेष प्रतिबंध नही है पर चेकिंग अभियान जारी रहेगा। इस बात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि पड़ोसी राज्यों की सीमा से कोई प्रवेश कर चुनावों को प्रभावित न कर सके। इसकी मुकम्मल व्यवस्था कर ली गई है।

भारद्वाज ने बताया कि इन सभी राज्यों के पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।साथ ही साथ अधिकारियों के साथ बैठक भी की गयी है। सम्बन्धित राज्य के अधिकारी अपने अपने बार्डर लाइन पर सुरक्षा व्यवस्था कर रहे हैं। अपनी सीमा में उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ अर्द्ध सैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया है। कभी सोनभद्र जिला प्रदेश में नक्सली गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.