त्रिपुरा में भाजपा के दो विधायकों ने इस्तीफा दिया

अगरतला।  त्रिपुरा में आगामी विधान सभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के दो वरिष्ठ विधायकों सुदीप रॉय बर्मन तथा अशीष कुमार साहा के विधानसभा तथा पार्टी से इस्तीफा देने के बाद भाजपा को बड़ा झटका लगा है। दोनों विधायकों ने भाजपा नेताओं को लोकतंत्र के लिए धोखेबाज तथा  निष्ठाहीन’’ बताया।

दोनो नेता नयी दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं तथा कांग्रेस में शामिल होने के संकेत दिये हैं। दोनों ही प्रियंका गांधी, राहुल गांधी, सोनिया गांधी तथा अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ चर्चा कर अगले कुछ दिनों में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। दो विधायकों के इस्तीफा देने के बाद 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या घटकर 33 हो गयी है।

त्रिपुरा विधानसभा में सत्ता दल भाजपा- आईपीएफटी के सदस्यों की संख्या अभी भी 40 बनी हुई है। गौरतलब है कि पिछले दिनों धालई जिले के सुरमा एससी आरक्षित विधानसभा सीट से भाजपा विधायक आशीष दास ने पार्टी पर इसी प्रकार के आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया था तथा बाद में तृणमूल कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा में भाजपा- आईपीएफटी के 44 विधायक थे लेकिन पिछले साल पश्चिमी सिमना जनजातीय आरक्षित सीट से आईपीएफटी के विधायक ब्रिशाकेतु ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.