After Header-1

अपर्णा ने कहा-भाजपा को राष्ट्रवाद की विचारधारा के कारण चुना है

लखनऊ। अपर्णा यादव(Aparna Yadav) ने राष्ट्रहित को सर्वाेपरि बताते हुये देश को बचाने के लिये भाजपा की सत्ता में वापसी को जरूरी बताया है।अपर्णा हाल ही में भाजपा में शामिल हुयीं है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुये अपर्णा ने कहा कि उन्होंने भाजपा को उसकी राष्ट्रवाद की विचारधारा के कारण चुना। इस दौरान भाजपा में शामिल हुयी कांग्रेस की रायबरेली से विधायक अदिति सिंह और कांग्रेस के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य भी मौजूद थीं।

स्वाधीनता आंदोलन के नायक नेता जी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के अवसर पर उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में नेता जी को श्रद्धा सुमन भी अर्पित किये। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के चुनाव अभियान के सहप्रभारी अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे।

सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पुत्रवधू और लखनऊ कैंट से पिछले विधान सभा चुनाव में सपा प्रत्याशी रहीं अपर्णा ने भाजपा में उन्हें स्थान देने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि वह नए भारत के निर्माण के लिए मोदी और योगी के साथ आगे बढ़ना चाहती हैं। इस मौके पर अदिति सिंह ने भाजपा परिवार में शामिल होने वाले सभी नेताओं का स्वागत करते हुये कहा कि महिलाओं का सम्मान सिर्फ भाजपा की सरकार ही सुनिश्चित कर सकती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की सभी योजनायें महिला सशक्तिकरण से जुड़ी हैं। महिला उत्थान को ही मुद्दा बनाकर वह रायबरेली सदर सीट से चुनाव लड़ने जा रही हैं। इस मौके पर प्रियंका मौर्य ने भी भाजपा परिवार में शामिल होने की खुशी जाहिर करते हुये विश्वास व्यक्त किया वह प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में बेहतर काम कर सकेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.