सत्येंद्र जैन ने कहा- दिल्ली में संक्रमण की स्थिति नियंत्रण

नयी दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और सरकार कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

जैन ने  कहा कि सरकार के विशेषज्ञों के मुताबिक डेल्टा वैरिएंट के मुकाबले ओमिक्रॉन वेरिएंट कम घातक है। इसमें मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ रही है।

दिल्ली में फिलहाल किसी भी मरीज को आक्सीजन लगाने की जरूरत नहीं पड़ी है। उन्होंने बताया कि इलाज से बेहतर रोकथाम है। घर से बाहर निकलते वक्त मास्क पहनकर निकले, इससे ज़्यादातर मामलों को रोका जा सकता है।

दिल्ली में सैंकड़ों की संख्या में वैक्सीन केंद्र बने हुए हैं, जहां प्रतिदिन तीन लाख वैक्सीन लगाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि हम 15 से 18 साल के बच्चों को वैक्सीन लगाने के लिए पूरी तरह अपने संसाधनों के साथ तैयार हैं। हमारे पास बूस्टर डोज़ के लिए भी पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मौजूद है।

कोरोना के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने बच्चों के लिए तीन हजार से भी अधिक बेड की व्यवस्था की गयी है। सभी स्वास्थ्य कर्मियों को इसकी तैयारी से जुड़े खास निर्देश और ट्रेनिंग दी गयी है।

कोविड के वैरिएंट कई सारे हैं, किसी खास वैरिएंट के लिए अलग से कोई खास प्रोटोकॉल या इलाज की प्रक्रिया नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोग आजकल ओमिक्रोन के टेस्ट की मांग कर रहे हैं।

वह उन्हें बताना चाहते हैं कि ओमिक्रोन की जानकारी सिर्फ और सिर्फ सरकार और नियम बनाने वाली संस्थानों के लिए ज़रूरी है, ताकि वे उसके हिसाब से व्यवस्था सुनिश्चित कर सकें।

मरीजों को कोरोना के वैरिएंट के बारे में जानकार भी कुछ नया हासिल नहीं होगा, क्योंकि अन्य कोरोना के वैरिएंट के लिए जो इलाज़ कि प्रक्रिया है, बिलकुल वही प्रक्रिया ओमिक्रोन के वैरिएंट के लिए भी है। ओमिक्रॉन वैरिएंट कोरोना का ही वैरिएंट है। इसके इलाज़ एवं इससे बचने का प्रोटोकॉल भी पहले की तरह ही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों से कोरोना से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा के लिए मास्क पहनने और सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने की अपील की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.