एसडीपीओ के ठिकानों पर छापा, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

पटना। बिहार पुलिस ने बालू माफियाओं के साथ सांठगांठ से अवैध रूप से आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में औरंगाबाद एसडीपीओ अनूप कुमार के बिहार के दो तथा झारखंड की राजधानी रांची के एक ठिकाने पर एक साथ छापेमारी कर एक करोड़ 56 लाख पचासी हजार रुपए से अधिक की चल एवं अचल संपत्ति का खुलासा किया है।

ईओयू के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कुमार के राजधानी पटना के कंकड़बाग के भूतनाथ रोड स्थित फ्लैट, गया जिले के नूतन नगर के पैतृक आवास के साथ ही झारखंड की राजधानी रांची के रातू रोड स्थित लवकुश अपार्टमेंट के फ्लैट में दिनभर तलाशी ली गई।

उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान पद का दुरुपयोग कर वैध आय के स्रोत से काफी अधिक संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने अपने नाम पर पटना में एक फ्लैट और एक कृषि योग्य भूमि तथा पत्नी के नाम पर रांची में एक फ्लैट और पटना में एक आवासीय भूखंड खरीदा है।

साथ ही अवैध रूप से अर्जित राशि को अपने परिजनों के माध्यम से बैंक खातों में जमा कराकर उसे वैध बनाने का प्रयास किया है।

कुमार की कुल वैध आय एक करोड़ 56 लाख पचासी हजार 462 रुपए है। वहीं इनकी कुल चल एवं अचल संपत्ति एक करोड़ 53 लाख 31 हजार 452 रुपए की मिली है।

इनके द्वारा ज्ञात स्रोतों से लगभग पचासी लाख 77 हजार 414 रुपए मूल्य की अधिक चल एवं अचल संपत्ति अर्जित किए जाने के साक्ष्य मिले हैं, जो इनके ज्ञात आय के स्रोत से 55 प्रतिशत अधिक है। तलाशी के दौरान कई बैंक खाते एवं दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आगे अनुसंधान में आय से और अधिक संपत्ति में वृद्धि होने की संभावना है।

Leave a Reply