चुनावी जुमलों से महिलाओं को गुमराह कर रहे है केजरीवालःकांग्रेस

नयी दिल्ली। दिल्ली कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को महिला विरोधी करार देते हुए कहा कि उन्होंने दिल्ली की महिलाओं से किये वादे ही पूरे नहीं किये हैं और अब चुनावी जुमलों के जरिए पंजाब की महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली की महिलाओं से कई वादे किये और इन महिलाओं ने उन्हें तीन बार वोट देकर मुख्यमंत्री बनाया लेकिन अपनी कैबिनेट में किसी महिला को जगह नहीं दी है।

उन्होंने कहा कि चुनाव पूर्व केजरीवाल ने दिल्ली की महिलाओं को मेट्रो में निशुल्क सफर का वादा किया था लेकिन उन्होंने वह वादा अब तक नहीं निभाया है। उनका कहना था कि केजरीवाल सिर्फ घोषणा करते हैं और चुनावी घोषणाएं कर वोट लेने के लिए महिलाओं को धोखा देने का खेल खेलते हैं।

चौधरी ने  केजरीवाल द्वारा पंजाब में हर महिला के खाते में 1000 रुपये डालने की घोषणा को चुनावी जुमला करार दिया और कहा कि उन्होंने दिल्ली की जनता से 10 वादे किये थे लेकिन एक भी पूरा नहीं किया है और अब उनको मानने से ही इनकार कर दिया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को पंजाब में वोट लेने के बाद 1000 रुपये देने की बात करने से पहले दिल्ली की महिलाओं से किये वादे पूरे कर इस योजना को दिल्ली में भी लागू करना चाहिए।

Leave a Reply