After Header-1

सीएम की घोषणाएं हवा हवाई, बिना पैसे के कैसे करेंगे पूरा : प्रीतम

विधानसभा में की गई घोषणाओं के लिए पूछा पैसा कहां से आएगा

  • आज से परिवर्तन यात्रा के लिए खटीमा रवाना हुए नेता प्रतिपक्ष 
देहरादून। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने गत दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा विधानसभा में की गयी घोषणाओं हवा हवाई करार दिया है। उन्होंने कहा है कि सरकार का बजट पहले ही पास हो चुका है। इस सत्र में अनुपूरक बजट पास किया गया। ऐसे धामी के द्वारा की गयी सैकड़ों करोड़ रुपये की घोषणाएं आखिर कहां से पूरी होंगी, उन्होंने सवाल पूछा है कि सरकार बताये कि आखिर इन घोषणाओं के लिए पैसा कहां से आएगा।
आज विधानसभा स्थित कार्यालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में प्रीतम सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की जन आशीर्वाद यात्रा एवं चुनाव से पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही घोषणाएं सिर्फ चुनावी है। सरकार के लोग जनता से आखिर किस बात का आशीर्वाद ले रहे हैं। प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी बढ़ाने वाली सरकार आखिर जनता से कैसा आशीर्वाद ले  रही है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि साढे 4 सालों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में है और चुनाव से पूर्व इस तरह की घोषणाएं सरकार की नीति और नियत दोनों को दर्शाने का काम कर रही है। जब से भाजपा सत्ता में आई तभी से जनता परेशान है। महंगाई की बात करे तो गैस के दाम, सरसों के तेल समेत कई वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, पेट्रोल और डीजल के दामों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। सरकार ने सबका साथ सबका विकास का जुमला गढ़ा, लेकिन उस पर खरे नहीं उतर पाये।
आज उपनल कर्मचारियों से लेकर पंचायती राज कर्मचारी, आशा कर्यकर्ती, डीएलएड, बेसिक शिक्षा, सचिवालय संघ के कर्मचारी आदि अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। भाजपा ने प्रदेश को धरना प्रदेश बना दिया है। क्या इन सभी जन विरोधी नीतियों के बाद भी सरकार को लगता है कि जनता उन्हें आशीर्वाद देगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ये बताये की जिस तरह लैपटॉप बांटने की घोषणा हो, मानदेय बढ़ाने की चुनावी घोषणा हो या अन्य घोषणाएं, सीएम बताएं कि उनको पूरा करने के लिए वे पैसा कहां से लाएंगे।
इस लिए उनका मानना है कि ये सारी घोषणाएं महज चुनाव को देखते हुए की गयी हैं। प्रीतम सिंह ने कहा कि किसान 9 महीने से दिल्ली की सड़कों पर संघर्षरत है सैकड़ों किसान शहादत दे चुके हैं। बेरोजगारी चरम पर है। मोदी सरकार द्वारा एक-एक कर सरकारी उपक्रमों, हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों को बेचते जा रही है। पेट्रोल-डीजल सस्ते दामों में खरीद कर जनता को महंगे दामों पर बेच कर दोगुना मुनाफा कमा रही है। भाजपा अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए हर तीन महीने में मुख्यमंत्री बदल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 3 सितम्बर से खटीमा से पूरे प्रदेश में परिवर्तन यात्रा की शुरुआत कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.