After Header-1

उत्तराखंड में 400 से अधिक प्राथमिक शिक्षकों के पदों पर होगी भर्ती, शिक्षा मंत्री ने दिए निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शिक्षा विभाग जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। विभिन्न जनपदों में बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक रिक्त पदों को भरने की तैयारी की जा रही है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके लिए रिक्त पदों को भरने के साथ शिक्षकों का उचित समायोजन भी किया जाए।

कम छात्र संख्या वाले स्कूलों से होगा शिक्षकों का समायोजन

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम है और आवश्यकता से अधिक शिक्षक तैनात हैं, वहां से शिक्षकों को उन स्कूलों में भेजा जाए जहां छात्र संख्या अधिक है, लेकिन शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इससे उपलब्ध शिक्षकों का बेहतर उपयोग हो सकेगा और विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त शिक्षक मिल सकेंगे।

बैठक में डॉ. रावत ने राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्यों की तैनाती से विद्यालयों की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को भूमि पूजन, शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा।

हर ब्लॉक में एक विद्यालय में बनेगा खेल मैदान

शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में ब्लॉक स्तर पर एक-एक विद्यालय में खेल मैदान बनाया जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग अपने विद्यालय परिसरों में भूमि उपलब्ध कराएगा। योजना को आगे बढ़ाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग के साथ जल्द समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा। अधिकारियों को इसकी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में सचिव शिक्षा ज्योति यादव, अपर सचिव नमामि बंसल, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.