भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मिली उत्तराखंड की दीप्ति रावत को जगह

महिला मोर्चा में बनी राष्ट्रीय महामंत्री

देहरादून।BJP की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उत्तराखंड की युवा नेत्री दीप्ति रावत भारद्वाज को महामंत्री नियुक्त किए जाने से राज्य की भी अहमियत बढ़ी है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। कार्यकारिणी में उत्तराखंड दीप्ति रावत भारद्वाज को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। 

दीप्ति ने एबीवीपी से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने परिषद् में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। वे वर्ष 2002-03 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की महासचिव चुनी गईं। वर्ष 2007 में दीप्ती ने मात्र 25 वर्ष की आयु में उत्तराखंड की तत्कालीन बीरोंखाल (वर्तमान में चौबट्टाखाल) विधानसभा क्षेत्र से बतौर भाजपा प्रत्याशी चुनाव लड़ा था। वे भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य भी रही हैं। इसके अलावा उन्होंने उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता व प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली है।

दीप्ति रावत भारद्वाज को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किये जाने पर उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, अरविन्द पांडेय, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ धन सिंह रावत, रेखा आर्य समेत अनेक नेताओं ने ट्विटर पर बधाई दी है।

Leave a Reply