मौसम विभाग ने यास को लेकर चेताया,अलर्ट जारी

नयी दिल्ली। मौसम विभाग ने चक्रवात यास को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार और ओडिशा सरकार को अलर्ट जारी किया है। शनिवार को पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दबाव वाला क्षेत्र बना। एक कम दबाव का क्षेत्र चक्रवात के गठन का पहला चरण होता है, यह आवश्यक नहीं है कि सभी निम्न दबाव वाले क्षेत्र चक्रवाती तूफान में तब्दील होते हैं।

पर्याप्त कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के तटवर्ती इलाकों में 26 मई को चक्रवाती तूफान आ सकने की मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इससे निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करें। अधिकारियों ने बताया कि बनर्जी ने एक डिजिटल बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को दवाओं, पेयजल, सूखे भोजन और तिरपाल के पर्याप्त भंडार का प्रबंध करने का निर्देश दिया। उन्होंने राज्य आपदा प्रबंधन बल और पुलिस बल के पर्याप्त कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

आईएमडी ने कहा, एक निम्न दबाव के क्षेत्र के कल, 23 ​​मई की सुबह तक बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य क्षेत्र पर विक्षोभ में केंद्रित होने की आशंका है। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है, जो 24 मई तक एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है और अगले 24 घंटों में बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग ने कहा कि यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ता रहेगा और आगे गंभीर रूप लेगा और 26 मई की सुबह तक पश्चिम बंगाल के पास बंगाल की उत्तरी खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा और बांग्लादेश के तटों तक पहुंच जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.