भाजपा को छोड़ किसी की बातें नहीं सुन रहा चुनाव आयोगः दीदी

कोलकाता:  बंगाल में सियासी घमासान जारी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर भाजपा और चुनाव आयोग पर एक साथ निशाना साधा। कहा कि अघोषित रूप से बंगाल में धारा 370 लागू कर विधानसभा चुनाव करवाए जा रहे हैं। जब जिसे मर्जी गोली मार दी जा रही है। चुनाव आयोग केवल भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सुन रहा है। आयोग से निवेदन है कि केवल दो लोगों ( पीएम मोदी और अमित शाह) की ही बातें न सुनें।

कूचबिहार के शीतलकुची में चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई, जिसका इंसाफ आज तक नहीं मिला। नदिया जिले के राणाघाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल सुप्रीमो ने पीएम मोदी पर भी हमला बोला। कहा कि चौथे चरण के मतदान वाले दिन कूचबिहार के शीतलकुची में सुरक्षाबलों द्वारा की गई फायरिंग भाजपा की साजिश का हिस्सा था।

योजनाबद्ध तरीके से भाजपा ने शीतलकुची में हिंसा करवाई। उन्होंने दावा किया कि साजिश के तहत एक महिला को भेजकर उकसाया गया, जिसके बाद केंद्रीय बल ने गोली मारकर चार लोगों की हत्या कर दी। यह सब गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर हुआ है। पीएम मोदी को भी घटना की पूरी जानकारी थी। उन्होंने कहा कि किसने गोली चलाई उन सभी लोगों का नाम मैंने पता कर लिया है। मैं पूरी घटना की सीआईडी से जांच करवाऊंगी और सच्चाई को ऊजागर करूंगी।

भाजपा नेता बंगाल में हिंसा की राजनीति कर रहे हैं

ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता बंगाल में हिंसा की राजनीति कर रहे हैं। लोगों को गोलियां मारने की बातें करते हैं। बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष, राहुल सिन्हा और सायंतन घोष जैसे नेता चार के बजाय आठ लोगों को गोलियां मारने की बातें करते हैं। ऐसे नेताओं पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का नया नारा है हरे कृष्णा हरे हरे, गोली मार कर लोगों की हत्या करें। इसीलिए कह रही हूं कि भाजपा को एक भी वोट मत दीजिए।

Leave a Reply