After Header-1

ड्रग्स मामले में गिरफ्तार पामेला ने सहयोगी राकेश सिंह पर लगाया साजिश का आरोप

भाजपा  नेता पामेला गोस्वामी ने पार्टी के सहयोगी राकेश सिंह पर साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने इस मामले की जांच सीआईडी से कराने की भी मांग की। पामेला को 25 फरवरी तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है। भाजयुमो की प्रदेश सचिव पामेला ने सिंह को गिरफ्तार करने की भी मांग की। गौरतलब है कि पामेला को उनके एक मित्र प्रदीप कुमार डे और निजी सुरक्षा गार्ड के साथ शुक्रवार को कोलकाता के न्यू अलीपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक पामेला के थैले और कार में लाखों रुपये मूल्य के 90 ग्राम कोकीन बरामद हुआ था। पामेला ने कहा, मैं सीआईडी जांच चाहती हूं। भाजपा के राकेश सिंह, जो कैलाश विजयवर्गीय के सहयोगी हैं उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए। मेरे खिलाफ साजिश रची गई है। वहीं, भाजपा की प्रदेश कमेटी के सदस्य सिंह ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और कोलकाता पुलिस उनके खिलाफ साजिश रच रही है तथा पामेला को सिखा-पढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि वह एक साल से अधिक समय से पामेला के संपर्क में नहीं थे और किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि मैं संलिप्त हूं तो वे मुझे या कैलाश विजयवर्गीय या अमित शाह को बुला सकते हैं। मुझे लगता है कि पुलिस ने उसे सिखाया-पढ़ाया है। ’’ इस बीच, तृणमूल कांग्रेस ने कहा है कि पूरा प्रकरण भाजपा के असली चेहरे को दर्शाता है। पार्टी महासचिव एवं राज्य में मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा, ‘‘इससे पहले भाजपा की एक नेता बच्चों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार हुई थीं। अब एक अन्य नेता ड्रग्स मामले में गिरफ्तार हुई हैं। इससे सिर्फ यही साबित होता है कि भाजपा और उसके नेताओं का असली चेहरा क्या है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.