भारतीय सेना का बड़ा फैसला: 1 दिसंबर से वरिष्ठ अधिकारियों को फिर मिलेगी रेजिमेंटल पहचान, बदलेगा वर्दी का नियम
नई दिल्ली। भारतीय सेना ने वरिष्ठ अधिकारियों की वर्दी को लेकर वर्ष 2023 में लागू किए गए बदलावों को वापस लेने का फैसला किया है। नए निर्णय के तहत ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के रैंक के अधिकारी अब अपनी पारंपरिक रेजिमेंटल पहचान और उससे जुड़े विशिष्ट प्रतीकों को फिर से धारण कर सकेंगे। यह आदेश 1 दिसंबर से लागू होगा। सेना के इस फैसले को विभिन्न रेजिमेंटों की परंपराओं और विशिष्ट पहचान को फिर से महत्व देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
13 नवंबर को जारी आंतरिक आदेश के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों को अधिकृत वर्दी के साथ अपनी मूल रेजिमेंट या कोर से जुड़े विशिष्ट चिन्ह लगाने की अनुमति होगी। इसके अलावा, अलग-अलग रेजिमेंटों की पारंपरिक वेशभूषा को भी फिर से अपनाया जा सकेगा।
इसके तहत गोरखा राइफल्स के जनरल अपनी पारंपरिक विशिष्ट टोपी पहन सकेंगे। वहीं, स्पेशल फोर्सेज के अधिकारी मैरून बेरेट और बख्तरबंद रेजिमेंट के अधिकारी ब्लैक बेरेट धारण कर सकेंगे।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में सेना ने वरिष्ठ नेतृत्व के बीच एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से वर्दी में बदलाव किया था। इसके तहत ब्रिगेडियर और उससे ऊपर के अधिकारियों की वर्दी से उनकी मूल रेजिमेंट और सर्विस की पहचान बताने वाले कुछ विशिष्ट चिन्ह हटा दिए गए थे। अब इस व्यवस्था को बदलते हुए अधिकारियों को अपनी रेजिमेंटल परंपराओं से जुड़ने का अवसर दिया गया है।
एनएसजी कमांडो की वर्दी में भी बदलाव की तैयारी
सुरक्षा बलों में वर्दी को अधिक सुविधाजनक और मौसम के अनुकूल बनाने की प्रक्रिया भी जारी है। हाल ही में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) ने वीआईपी सुरक्षा में तैनात ब्लैक कैट कमांडो की पारंपरिक काली वर्दी में बदलाव का निर्णय लिया है।
भीषण गर्मी में बेहतर कार्यक्षमता सुनिश्चित करने के लिए कमांडो के लिए नायको कपड़े से बनी नई ब्रीदेबल यूनिफॉर्म तैयार की जा रही है। यह कपड़ा हवा के आवागमन और नमी को बाहर निकालने में मदद करेगा। आंध्र प्रदेश में करीब 44 डिग्री तापमान के दौरान एक कमांडो के बेहोश होने की घटना के बाद यह फैसला लिया गया। नई वर्दी जल्द लागू किए जाने की उम्मीद है।
सेना और अर्धसैनिक बलों में लगातार हो रहा आधुनिकीकरण
पिछले कुछ वर्षों में भारतीय सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक संगठनों ने अपनी वर्दियों में कई बदलाव किए हैं। भारतीय थल सेना ने 2022 में डिजिटल पैटर्न वाली कॉम्बैट यूनिफॉर्म अपनाई थी। इसी वर्ष भारतीय वायुसेना ने भी डिजिटल कैमोफ्लाज यूनिफॉर्म लागू की। इसके अलावा नौसेना, सीआरपीएफ की कोबरा फोर्स, बीएसएफ और सीआईएसएफ ने भी बेहतर आराम, मजबूती और कार्यक्षमता के लिए वर्दी के डिजाइन और कपड़ों में सुधार किए हैं।
सेना ने जून में जारी आर्मी यूनिफॉर्म-2026 बुक के माध्यम से औपनिवेशिक काल से चली आ रही कई परंपराओं में भी बदलाव किए हैं। पहली बार औपचारिक नागरिक पोशाक में स्वदेशी बंदी जैकेट को शामिल किया गया है। परेड में तलवार रखना वैकल्पिक किया गया है और ‘रॉयल’ जैसे पुराने शब्दों के इस्तेमाल को भी समाप्त किया गया है।
इससे पहले फरवरी 2023 में सेना ने समारोहों में घोड़ा-गाड़ी के इस्तेमाल और सेवानिवृत्ति के दौरान आयोजित होने वाले पुल आउट कार्यक्रम जैसी कुछ पुरानी परंपराओं को भी समाप्त करने का निर्णय लिया था।

