नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री ने बिहार विधानसभा के चुनावों और 11 राज्यों के उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी एवं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की विजय को ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ नारे की जीत बताते हुए आज कहा कि आने वाले समय में देश एवं राज्यों का विकास ही चुनाव का आधार रहने वाला है और जो यह नहीं समझेंगे उनकी जमानत भी नहीं बचेगी। मोदी ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर भाजपा के मुख्यालय में आयोजित धन्यवाद ज्ञापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अगर आज आप मुझे बिहार के चुनाव नतीजों के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब भी जनता के जनादेश की तरह साफ है- बिहार में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र की जीत हुई है’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बिहार तो सबसे खास है। बिहार में विकास के कार्यों की जीत हुई है। बिहार में सच जीता है, विश्वास जीता है ! बिहार का युवा जीता है, माताएं-बहनें-बेटियां जीती हैं! बिहार का गरीब जीता है, किसान जीता है! ये बिहार की आकांक्षाओं की जीत है, बिहार के गौरव की जीत है। मैं बिहार के अपने भाइयों और बहनों से कहूंगा, आपने एक बार फिर सिद्ध किया है कि बिहार क्यों लोकतंत्र की जमीन कहा जाता है। आपने फिर सिद्ध किया है कि वाकई बिहारवासी पारखी भी हैं और जागरूक भी। श्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी के भारत के नागरिक, बार-बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ ईमानदारी से काम करेगा। हर राजनीतिक दल से देश के लोगों की यही अपेक्षा है कि देश के लिए काम करो, देश के काम से मतलब रखो। उन्होंने कहा कि देश का विकास, राज्य का विकास, आज सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी यही चुनाव का आधार रहने वाला है। जो लोग ये नहीं समझ रहे, इस बार भी उनकी जगह-जगह जमानत जब्त हो गयी है। आज देश, भाजपा पर जो स्रेह दिखा रहा है, राजग पर जो स्रेह दिखा रहा है उसकी सबसे बड़ी वजह यही है कि भाजपा और राजग ने देश के विकास को, लोगों के विकास को अपना सर्वोपरि लक्ष्य बनाया हुआ है। हम हर वो काम करेंगे जो देश को आगे ले जाए।