रुद्रपुर के जलभराव संकट का होगा समाधान! 460 करोड़ की ड्रेनेज योजना को मिली मंजूरी

रुद्रपुर।शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से जूझ रहे रुद्रपुर में अब इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शासन ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने के लिए तैयार की गई 460 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दे दी है। योजना के पहले चरण के लिए 111 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी होने की उम्मीद है।

इस उपलब्धि के पीछे शहर के महापौर Vikas Sharma के लगातार प्रयास बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर में ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पहले से करीब 300 करोड़ रुपये का एक प्रस्ताव मौजूद था, लेकिन वह लंबे समय से फाइलों में ही अटका हुआ था। शहर में हर साल होने वाले जलभराव की समस्या को देखते हुए उन्होंने इस मुद्दे को प्राथमिकता दी और समाधान के लिए लगातार प्रयास किए।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami से कई बार मुलाकात की और शहर की स्थिति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने रुद्रपुर शहर का विस्तृत सर्वे किया। सर्वे के दौरान स्थानीय पार्षदों के सुझावों को भी शामिल किया गया, ताकि एक प्रभावी और व्यावहारिक योजना तैयार की जा सके।

काफी मंथन के बाद तैयार किए गए इस 460 करोड़ रुपये के मास्टर प्लान के तहत पूरे शहर को चार अलग-अलग जोनों में बांटा गया है। योजना का उद्देश्य शहर में आधुनिक और मजबूत ड्रेनेज सिस्टम विकसित करना है, जिससे बरसात के समय जलभराव की समस्या को काफी हद तक खत्म किया जा सके।

योजना के पहले चरण में जोन-1 को शामिल किया गया है, जिसमें वार्ड संख्या 1 फुलसूंगा और वार्ड संख्या 16 बगवाड़ा क्षेत्र आते हैं। इन क्षेत्रों में ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने के लिए 111 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी की जाएगी। परियोजना के शुरू होने के बाद शहर के अन्य क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.