अमित शाह के हरिद्वार दौरे से पहले सीएम धामी का सख्त निरीक्षण, अधिकारियों को दिए खास निर्देश

हरिद्वार। पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप पहुंचकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह मंत्री का उत्तराखंड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए सभी तैयारियां सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की।

धामी ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाएं और अग्निशमन व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखने को कहा।

यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में जाम की स्थिति न बनने पाए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.