राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, तीन दिन में ढाई लाख से ज्यादा लोगों ने लिया आनंद

देहरादून। देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2026 का रविवार को भव्य समापन हो गया। पुष्पों की मनमोहक सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विविध प्रतियोगिताओं से सजे इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। अनुमानित साढ़े तीन लाख से अधिक दर्शकों की उपस्थिति ने उत्सव को ऐतिहासिक बना दिया।

इस वर्ष की चल वैजयंती (रनिंग ट्रॉफी) आईआईटी रुड़की को प्राप्त हुई। आईआईटी रुड़की ने 13 श्रेणियों में पुरस्कार जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि 4 श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त कर ओएनजीसी दूसरे स्थान पर रहा। कुल 15 श्रेणियों और 54 उपश्रेणियों में 161 पुरस्कार वितरित किए गए।

समापन समारोह में गुरमीत सिंह और पुष्कर सिंह धामी ने पुष्प प्रदर्शनी, रंगोली, बच्चों की चित्रकला और फोटो प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। इस वर्ष पहली बार ‘गवर्नर्स अवॉर्ड’ की शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत उत्कृष्ट कृषकों, महिला कृषकों और नवाचार कर रहे युवा स्टार्टअप कृषकों को पुरस्कृत किया गया।

उत्कृष्ट कृषक श्रेणी में बागेश्वर के दीपक गडिया प्रथम, रुद्रप्रयाग के कपिल शर्मा द्वितीय और पिथौरागढ़ के शुभम सिंह तृतीय रहे। महिला कृषकों में चंपावत की राधा राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं स्टार्टअप श्रेणी में टिहरी के देवेंद्र सिंह चौहान को पहला स्थान मिला।

आईएमए और आईटीबीपी के पाइप बैंड की मधुर धुनों ने समापन समारोह को आकर्षक बना दिया। राज्यपाल ने कहा कि फूलों के माध्यम से सकारात्मकता, संतुलन और रचनात्मकता का संदेश देना इस आयोजन की मूल भावना रही। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों और नवाचारों की सराहना करते हुए विकसित भारत 2047 की दिशा में ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.