सीएम धामी के सख्त निर्देश: कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन से न रहे वंचित

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने पेंशन प्रकरणों के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेंशन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाए।

रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वंचित और कमजोर वर्गों को योजनाओं से जोड़ने के लिए नवाचार आधारित प्रभावी कार्ययोजना शीघ्र तैयार की जाए। उन्होंने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्यभर में लगाए गए शिविरों से सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और पेंशनधारकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष अभियान निरंतर जारी रखे जाएं, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी सामाजिक सुरक्षा का लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र नागरिक को समय पर आर्थिक सहायता मिले और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग की फरवरी 2026 की पेंशन किश्त का वन-क्लिक के माध्यम से डिजिटल भुगतान भी किया। इस प्रक्रिया के तहत कुल 9,57,651 लाभार्थियों के खातों में ₹14,191.61 लाख यानी ₹141 करोड़ 91 लाख 61 हजार की धनराशि हस्तांतरित की गई। इस राशि में मासिक पेंशन के साथ एरियर भुगतान भी शामिल है।

सरकार का मानना है कि समय पर पेंशन वितरण से बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और अन्य जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक संबल मिलता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पेंशन से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.